झाबुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) झाबुआ द्वारा शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय के सभागृह में ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत की उपाध्यक्ष डॉ. माला ठाकुर एवं विशेष अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मालवा प्रांत सह मंत्री अंजली लखेरा उपस्थित रहीं। जिले की विभिन्न इकाइयों से सैकड़ों युवतियों ने सम्मेलन में सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत झाबुआ की प्रतिभाशाली बालिका दृष्टि भिंडे द्वारा प्रस्तुत सुंदर सांस्कृतिक नृत्य से हुई। इसके पश्चात परिषद गीत के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत सम्मेलन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की भूमिका झाबुआ नगर अध्यक्ष भावना सेन ने रखी।
मुख्य अतिथि डॉ. माला ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में महिलाएं मुक्ति के लिए नहीं, बल्कि शक्ति के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवतियों और महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने महिलाओं से अपने दैनिक जीवन में पंच परिवर्तन—समरसता, स्व का भाव, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण एवं कुटुंब प्रबोधन को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने आधुनिकता के दौर में अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की जड़ों से जुड़े रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवतियों से भारतीय संस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान विशेष अतिथि अंजली लखेरा ने चर्चा सत्र का संचालन किया। इस दौरान वर्तमान सामाजिक परिदृश्य, युवतियों की भूमिका एवं समसामयिक विषयों को लेकर युवतियों से संवाद किया गया। चर्चा सत्र में युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार साझा किए।


