झाबुआ हिट @ डेस्क
झाबुआ। पुलिस लाइन झाबुआ में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का समापन हुआ। मध्यप्रदेश पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को कानूनी जागरूकता, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे से दूरी और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
झाबुआ पुलिस ने पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले में कुल 15 कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें करीब 3277 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को थानों में ड्यूटी ऑफिसर और प्रधान आरक्षक मोहर्रिर की कार्यप्रणाली, CCTNS, वायरलेस सेट, बंदीगृह, डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।

समापन समारोह में एसपी देवेंद्र पाटीदार ने युवाओं से प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान में सक्रिय सहभागिता करने वाले शिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों, पुलिस अधिकारियों और विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।



