झाबुआ हिट @ डेस्क
पेटलावद । महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को पेटलावद क्षेत्र के ग्राम मोहनकोट में 3 करोड़ 6 लाख 80 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) का शुभारम्भ कर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात दी।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष (लेबर रूम), माइनर ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला, दवा वितरण एवं कोल्ड चेन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए दो आवासीय क्वार्टर का निर्माण भी किया गया है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्री हेमंत भट्ट, पूर्व अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री अजमेर सिंह भूरिया, मंडल अध्यक्ष श्री लक्ष्मण मालिवाड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



