झाबुआ हिट @ डेस्क
झाबुआ। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल बड़ी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध बेड, चिकित्सकों की पदस्थापना, ओपीडी, नियमित प्रसव, प्रसव उपरांत उपचार तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था की जानकारी ली। स्वास्थ्य केंद्र में 5 चिकित्सकों की पदस्थापना होने की जानकारी दी गई।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर और सुलभ उपचार मिलना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा तथा खंड चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


