मयंक बाफना @Jhabua Hit
पेटलावद में अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेनजी की जयंती 11 अक्टूबर को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगी। संपूर्ण आयोजन खुशबू गार्डन, पेटलावद में समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में होगा।
महाराजा अग्रसेनजी को सामाजिक समरसता, आर्थिक समानता और अहिंसा के प्रणेता के रूप में माना जाता है। अग्रवाल समाज आज भी उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपना मार्गदर्शक मानकर उनके विचारों पर चल रहा है। महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक सहयोग और आत्मनिर्भरता का अनूठा उदाहरण माना जाता है। जब कोई नया परिवार नगर में आकर बसता था, तब नगर का प्रत्येक परिवार उसे एक ईंट और एक रुपया सहयोग के रूप में देता था, ताकि वह अपना घर और व्यापार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सके। महाराजा अग्रसेन जी पशु बलि के भी घोर विरोधी थे और उन्होंने समाज को अहिंसा का संदेश दिया।
जयंती समारोह के तहत महिलाओं द्वारा भगवान के सिंहासन का आकर्षक सज्जा, डांस प्रतियोगिता, भजन प्रतियोगिता, गरबा सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। बच्चों के लिए भी मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ 11 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे महाराजा अग्रसेनजी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। समाजजनों में जयंती को लेकर खासा उत्साह है और आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


