सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
झाबुआ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर वाहनों पर हो रही पथराव की घटनाओं को लेकर झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

विधायक भूरिया ने पत्र में बताया कि पिछले एक सप्ताह में झाबुआ और रतलाम जिले में दो बार वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और यात्रियों व वाहन चालकों के घायल होने की बात कही गई है। लगातार हो रही घटनाओं से रात के समय एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले यात्रियों में भय का माहौल है।
भूरिया ने मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा एक्सप्रेस-वे किनारे बसे गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने डीजीपी और झाबुआ-रतलाम एसपी को भी सुरक्षा के संबंध में अवगत कराया है।


