सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
थांदला। गायत्री भक्तों मंडल द्वारा ग्राम मछईमाता में तीन दिवसीय पंच कुंडीय यज्ञ और संस्कार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर गांववासियों में काफी उत्साह है। वहीं आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही है।
जानकारी देते हुए आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन शुक्रवार को शाम 4 बजे से कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा गांव के नाहरपुरा खेजड़ा तेजाजी मंदिर से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल स्कूल फलिया तक पहुंचेगी।
वहीं दूसरे दिन शनिवार को सुबह 8 बजे से देव आह्वान, देव पूजन, अग्नि स्थापना, यज्ञ और शाम को 7 बजे दीप महायज्ञ, ऋषि के संदेश का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को सुबह 8 बजे से 12 बजे तक गायत्री महायज्ञ, विभिन्न संस्कार, पूर्णाहुति टोली विदाई और महाप्रसादी का आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि ग्राम मछईमाता में पहली बार उक्त आयोजन होने से श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। आयोजन की तैयारियों को लेकर अलग-अलग समितियां भी बनाई गई है।


