झाबुआ हिट @ डेस्क
थांदला। गरबा देखकर बाइक से घर लौट रहे युवकों के साथ सड़क दुर्घटना हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य बाइक सवार घायल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन से हुई है।
जानकारी के अनुसार आयुष पिता कमल मईडा निवासी पंचखेरिया (15) अमरसिंह कमल मईडा (17) और विपुल राकेश मईडा (9) अपने गांव पंचखेरिया से गरबा देखने के लिए मेघनगर (फुटतालाब) गए थे। रात लगभग 2:30 पर वह अपने घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान गांव मदरानी के समीप अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में आयुष की मौत हो गई है। वहीं अमरसिंह और विपुल घायल है। जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। वहीं आयुष के शव का रविवार के दिन पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की तैयारी कर रही है।


