झाबुआ हिट डेस्क
थांदला। स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन और शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियों का लक्ष्य पूरा करने के लिए SDM थांदला भास्कर गाचले ने मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार सुखदेव डावर के साथ खजूरी, खवासा, भामल, सागवा सहित विभिन्न ग्रामों का दौरा कर रजिस्ट्रियों की प्रगति की समीक्षा की।
SDM ने पटवारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन कर शेष रजिस्ट्रियों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तरीय तकनीकी टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही कुछ प्रकरणों में सामने आई लिपिकीय त्रुटियों और अभिलेखीय विसंगतियों के सुधार के लिए तहसीलदार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्वामित्व योजना के तहत थांदला तहसील में एक दिन में कुल 17 रजिस्ट्रियां संपादित की गईं। SDM ने कहा कि तकनीकी बाधाएं दूर होते ही लंबित रजिस्ट्रियों को तेजी से पूरा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा।



