झाबुआ। जिला चिकित्सालय झाबुआ में ‘श्री जी मेनपावर प्राइवेट लिमिटेड’ के माध्यम से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर उतर आए हैं। मंगलवार को कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय से रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनका बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी।

आश्वासन के बाद भी नहीं मिला वेतन
आउटसोर्स कर्मचारियों के अनुसार, पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें भविष्य निधि (पीएफ) का लाभ नहीं मिल रहा है। इस संबंध में जानकारी मांगने पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।

इससे पहले भी कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल की थी। उस दौरान अधिकारियों ने 7 तारीख तक वेतन भुगतान कराने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया था। लेकिन तय समय तक वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने दोबारा हड़ताल शुरू कर दी।
रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कर्मचारी
वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज आउटसोर्स कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय परिसर से रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी काफी देर तक कलेक्टर कार्यालय में बैठे रहे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद कर्मचारियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।

कलेक्टर ने दिया जल्द भुगतान का आश्वासन
काफी देर तक चले प्रदर्शन और चर्चा के बाद कर्मचारियों की कलेक्टर से मुलाकात हुई। कर्मचारियों के अनुसार, कलेक्टर ने लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल जिला चिकित्सालय के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं। अब देखना होगा कि कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन कब तक मिलता है और हड़ताल कब समाप्त होती है।


