सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
थांदला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर को संस्कृति और धर्म की प्रतीक महाँकाल की नगरी उज्जैन में ‘महाँकाल लोक’ का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह से अभिभूत होकर थांदला नगर के नागरिकों ने भी संस्कृति, धर्म धरोहरों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। जहां एक और उज्जैन में लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। वही थांदला में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अनुविभागीय अधिकारी अनिल भाना, प्रभारी सीएमओ राहुल वर्मा, विजय गिरी, स्वच्छता निरीक्षक गौरांकसिंह राठौर, यशदीप अरोरा ने बताया कि महाँकाल लोक के लोकार्पण अवसर पर नगर की अमूल्य धरोहरों अति प्राचीन बावड़ी मंदिर और घोडाकुण्ड पर सुबह 10:30 बजे जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों मीडिया कर्मियों और आम नागरिकों द्वारा श्रमदान किया गया। दोपहर 1:00 बजे हवन और महाअभिषेक का आयोजन हुआ। शाम 5:00 बजे दीप प्रज्वलन और शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। लाइव प्रसारण के कई लोग साक्षी बने। देर शाम को भक्त मलूकदास रामायण मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ भी किया जाएगा।
आयोजन को लेकर प्रशासन के साथ आम नागरिकों ने नगर की अमूल्य धरोहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी और ऐतिहासिक दिन में अपना सहयोग का एक स्वच्छ उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम में नागरिक अपने-अपने घरों से 1-1 दीपक भी लाए थे।
इसके अलावा भी नगर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक गतिविधियां संचालित हुई।


